उच्च प्राथमिक विद्यालय अलीपुर में परीक्षा देते निरक्षर। स्रोत विभाग
- 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 2,170 निरक्षर महिला और पुरुष हुए शामिल
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को जनपद के 195 परिषदीय विद्यालयों में साक्षरता परीक्षा कराई गई। इसमें 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के 2,170 निरक्षर महिला और पुरुषों से प्रतिभाग किया। परीक्षा को लेकर उनमें उत्साह देखने को मिला।
परीक्षार्थियों ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर पढ़ने, लिखने तथा बुनियादी गणितीय ज्ञान से संबंधित अपनी दक्षताओं का प्रदर्शन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य ऐसे वयस्कों एवं 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान देना है, जिससे कि वह अपने दैनिक जीवन कार्यों में परेशानी न आए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गईं।
संबंधित शिक्षकों एवं कार्मिकों द्वारा परीक्षार्थियों को परीक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में परीक्षा कराई गई। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उपस्थिति एवं परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं पर संबंधित अधिकारियों द्वारा निगरानी भी रखी गई। उन्होंने यह भी कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और अपने अधिकारों एवं दायित्वों के प्रति सजग बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।