सहारनपुर। शहर में सोमवार को सुबह से ही झमाझम बारिश के कारण जैन बाग और अंबाला रोड स्थित बिजलीघरों में पानी भर गया। बरसात का पानी यहां आपरेटिंग मशीनों तक पहुंच गया। जिससे इन बिजलीघरों से जुड़ी करीब 70 कालोनियों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते इन कालोनियों के हजारों परिवारों को बिजली और पेयजल संकट से भी जूझना पड़ा। इन क्षेत्रों के लोग दोपहर बाद तक बिजलीघरों में फोन करते रहे। मगर उनसे कहा गया कि बरसात का पानी निकलने के बाद ही आपूर्ति को सुचारु किया जा सकता है।
बारिश का सबसे अधिक असर जैन बाग बिजलीघर पर पड़ा। यहां ढाई फुट से भी ऊपर तक पानी का जमाव हो गया। बारिश का यह पानी अंदर आपरेटिंग मशीनों तक चला गया। इसके चलते विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। सुबह आठ बजे के बाद से ऐसे ही हालात रहे। इस बिजलीघर से जुड़े जैन बाग, गोल कोठी, मातागढ़, कलसिया रोड, गांधी कालोनी, अरबी मदरसा, कटहरा चौकी, चिलकाना रोड, मदनपुरी, खाताखेड़ी, कृष्णानगर, रामजीवन नगर, म्यूनिसिपल कालोनी, बाबा लाल दास रोड, सम्राट विक्रम कालोनी, गोशाला रोड, धोबी घाट, भूतेश्वर मंदिर रोड सहित आसपास की अन्य कालोनियों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही। बिजलीघर से पानी निकलवाने के लिए नगर निगम के कर्मचारियों को भी बुलाया गया। इन कर्मचारियों ने पंपिंग मशीन की मदद से पानी निकालने की कोशिश की। इसके अलावा अंबाला रोड स्थित बिजलीघर का भी ऐसा ही हाल रहा। यहां भी बरसात का पानी जमा होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस बिजलीघर से जुड़े अंबाला रोड, दर्पण टॉकीज, कल्पना टॉकीज, ईदगाह रोड, अंबाला रोड पुल क्षेत्र, कुतुबशेर सहित आसपास की अन्य कालोनियों में बिजली गुल हो गई। यहां भी लोग बार-बार यही जानने की कोशिश करते रहे कि बिजली आपूर्ति कब सुचारु हो सकेगी। बिजलीघर पर तैनात स्टाफ की ओर से बताया गया कि बारिश रुकने और जमा हुए पानी के उतरने के बाद ही आपूर्ति सुचारु कर पाना संभव है। इस मामले में विद्युत निगम के नगरीय अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को काफी अधिक बारिश हुई है। इसके चलते बिजलीघरों में बरसात का पानी भरने के साथ ही लाइनों में ट्रिपिंग की भी समस्या रही है। इसके चलते लोगों को परेशानी रही है। मौसम अनुकूल होते ही समस्या दूर कर दी जाएगी।