सहारनपुर। महानगर में ढमोला नदी, कोर्ट रोड और लिंक रोड के पुलों पर सफर करना जान जोखिम में डालने से कम नहीं है। कहीं पुलों में गड्ढ़े हैं तो कहीं फुटपाथ टूटा है। पुलों की रेलिंग तक गायब हो चुकी है। स्ट्रीट लाइट से विद्युत तार बाहर निकल रहे हैं। इनसे हादसा हो सकता है।
अंबाला-देहरादून हाईवे पर घंटाघर से आगे सतयुग आश्रम मॉडल इंटर कॉलेज के बराबर में ढमोला नदी का छोटा व बड़ा पुल है। बड़े पुल की स्कूल की तरफ की फुटपाथ का कुछ हिस्सा टूटा है। पुल पर गड्ढ़े हैं। जिनमें से नदी दिखाई देती है। इस पुल से रोजाना हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिमी यूपी के वाहनों का आवगमन होता है। इसी तरह लिंक रोड स्थित ढमोला नदी पुल की दोनों ओर फुटपाथ पर खाई बन गई है। इससे लोग हादसे का शिकार हो सकते हैं। इसी तरह कोर्ट रोड पुल पर कई जगह पर रेलिंग टूटकर गायब हो चुकी है।
कई स्कूलों के बच्चे करते हैं सफर
एसएएम इंटर कॉलेज के बराबर वाले ढमोला नदी पुल के आसपास कई स्कूल हैं। जनकनगर में पांच स्कूल हैं और दो स्कूल पुल के बिल्कुल बराबर में हैं। इनके छात्र पुल से पैदल गुजरते हैं।
गंभीर है समस्या
जनकनगर स्थित एमजीएम स्कूल के प्रधानाचार्य सौरभ गुप्ता का कहना है कि इस समस्या से लंबे समय से जूझ रहे हैं, लेकिन हल नहीं निकला है। ढमोला नदी पुल छात्रों समेत नागरिकों के लिए खतरा बना है। किशनपुरा नाला पटरी के लोहा कारोबारी वैभव भाटिया का कहना है कि समस्या गंभीर है। मटियामहल के हौजरी कारोबारी वैभव कांबोज व घंटाघर के होटल कारोबारी रोबिन सिंह व खुमरानपुल के किरयाना कारोबारी राकेश गांधी का कहना है कि शहर के इन तीनों अहम पुलों को ठीक कराने की मांग व्यापारी कई बार कर चुके हैं।
विभाग कराएगा मरम्मत
लोक निर्माण विभाग के पुल की मरम्मत जल्द कराई जाएगी। इसको लेकर सर्वे कराया है। कई पुल स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम द्वारा दुरुस्त कराए जाने हैं।-सनत ऋषि गुप्त, अधिशासी अभियंता
पुलों पर हुई प्रमुख घटनाएं
ई-रिक्शा ढमोला नदी पुल जनकनगर मोड़ पर बने गड्ढ़े में गिरी, चार लोग चोटिल हुए।
ढमोला नदी पुल से ट्रक नदी में गिरा, चालक ने कूदकर बचाई थी जान।
कोर्ट रोड पुल पर दो बार कारें नीचे गिरीं, हादसे में युवक हुए थे जख्मी।
लिंक रोड पुल पर बाइक सवार गड्ढ़े में गिरकर गंभीर घायल हुए।