गागलहेड़ी। गांव तिवाया में रात में गुलदार घूमते देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पूर्व प्रधान के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में गुलदार दिखाई दिया है। इसकी सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने खेतों में कांबिंग कर गुलदार की खोजबीन शुरू की।
पूर्व ग्राम प्रधान संदीप यादव ने बताया कि उनके घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में शनिवार रात्रि करीब तीन बजे गुलदार घूमता हुआ दिखाई दिया। गुलदार घूमने की जानकारी रात में ही ग्रामीणों को दी गई जिससे की कोई की कोई बड़ी घटना घटित ना हो। गांव में गुलदार के घूमने की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। महिलाओं और बच्चों ने घरों से निकलना बंद कर दिया है। ग्रामीण अपने खेतों में भी जाने से कतरा रहे हैं।
संदीप यादव ने आरोप लगाया कि वन विभाग को सूचित करने के बावजूद कर्मचारी गांव नहीं पहुंचे हैं। पशुओं के लिए चारा लेने के लिए भी गांव वाले समूह के रूप में खेतों में जा रहे हैं। फिर भी उन्हें गुलदार का डर सता रहा है। उधर वन विभाग के क्षेत्राधिकारी विपुल मिश्रा ने बताया कि गुलदार को देखे जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम को गांव भेजा गया था। टीम खेतों में कांबिंग कर गुलदार की लोकेशन पता करने में जुटी है। सही जानकारी होते ही पिंजरा लगा कर उसे पकड़ कर जंगल में छोड़ दिया जाएगा।