गांधी पार्क से रैली निकालते नागरिक सुरक्षा कोर के पदाधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में नागरिक सुरक्षा कोर की ओर से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से एक ओर जहां लोगों को मत का महत्व समझाते हुए मतदान करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कोरोना से बचाव की भी जानकारी दी गई।
रैली का शुभारंभ नागरिक सुरक्षा कोर सहारनपुर के उप नियंत्रक शिवराज सिंह ने किया। रैली गांधी पार्क स्थित नागरिक सुरक्षा कोर के प्रभागीय कार्यालय से शुरू होते हुए अंबाला रोड, गुरु तेग बहादुर मार्ग, घंटाघर, भगत सिंह मार्ग, श्रीराम चौक, नेहरू मार्केट, चौकी सराय, लोहानी सराय, फायर ब्रिगेड से होती हुई वापस गांधी पार्क पहुंची। रैली में शामिल अधिकारियों, वार्डनों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। रैली के दौरान सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो और कोरोना को भगाना है, वेक्सीनेशन कराना है जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर लोग चल रहे थे। चीफ वार्डन राजेश जैन ने रैली में सहभागिता के लिए सभी वार्डनों का आभार जताया। सहायक उप नियंत्रक योगेश श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ वार्डन मो. आलम ने बताया कि 10 दिसंबर को माहीपुरा स्थित एमआर इंटर कालेज मे पूर्वाह्न 11 बजे से आपदा प्रबंधन के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मो. यूनुस, उप प्रभागीय वार्डन डॉ. हंसराज सैनी, डॉ. राजपाल, एमपी सिंह चावला, मनोज चौधरी आदि मौजूद रहे।