मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को पुलिस नहीं छोड़ेगी। मेरठ जोन में अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है। पुलिसिंग को और अधिक बेहतर बनाया जाएगा।
सोमवार को मेरठ जोन के एडीजी प्रशांत कुमार ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान एलआईयू कार्यालय में विदेशी नागरिक पंजीकरण कार्यालय और फिजियोथैरेपी कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने पुलिस लाइन की साफ-सफाई और दस्तावेजों के रख रखाव पर संतोष व्यक्त किया।
पत्रकार वार्ता में एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह सजग है। सहारनपुर की सीमाएं हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश मिलती है। इसलिए यह जिला अति संवदेनशील है। क्योंकि, दूसरे राज्यों के अपराधियों की सक्रियता होने की संभावना से इंकार नहीं किया सकता।
इसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है। महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों को रोकने के लिए गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। पुलिस के सामने नई चुनौतियां भी हैं, जिनसे निपटने के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है।
आतंकी गतिविधियों को लेकर खुफिया एजेंसियां अलर्ट हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जनपद में पंचायतों के जरिए जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित अधिकारियों को न्यायालय में कड़ी पैरवी कर ऐसे लोगों और अपराधियों को सजा दिलवाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान डीआईजी शरद सचान, एसएसपी बबलू कुमार मौजूद रहे।
सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह के निर्देश पर एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार ने सराहनीय कार्य करने वाले 29 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित। इन पुलिसकर्मियों के फोटो उनके संबंधित थानों में एक माह के लिए लगाए जाएंगे।
इनमें संजीव भटनागर निरीक्षक थाना सदर बाजार, धीरज सिंह उपनिरीक्षक थाना गागलहेड़ी, संजय राणा उपनिरीक्षक थाना कुतुबशेर, अनिल कुमार उपनिरीक्षक थाना मिर्जापुर, मुबारिक हसन प्रभारी सर्विलांस टीम, नेत्रपाल सिंह एचसीपी चौकी कचहरी, सुरेंद्र कुमार, एचसीपी यातायात, भूपेंद्र तोमर हैड कांस्टेबल डायल 100, राजवीर कुमार मुख्य आरक्षी थाना चिलकाना, विनीत हुड्डा सर्विलांस टीम, वीरपाल थाना नानौता, कर्णवीर सिंह थाना देवबंद, अंकुर कुमार थाना सरसावा, अमरदीप सिंह थाना रामपुर, राजकुमार तोमर थाना नागल, शाहरुन हसन थाना मंडी, विनोद कुमार थाना गंगोह, संदीप कुमार थाना बेहट, संजय कुमार थाना फतेहपुर, सतेंद्र कुमार थाना बड़गांव, सोनू पायला कोतवाली नगर, गौरव कुमार कोतवाली देहात, सुरेंद्र त्यागी थाना जनकपुरी, अमित मान थाना तीतरो, जगपाल सिंह, भीम सिंह डायल-100, कांस्टेबल नीरज महिला थाना, रेनू यादव थाना बिहारीगढ़ और निरंकार त्यागी कोर्ट मोहरिर शामिल हैं।
वीडियो वायरल करने वालों पर होगी कार्रवाई
सहारनपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही गाजियाबाद के थाना साहिबाबाद की एनकाउंटर की वीडियो के मामले में एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि यह वीडियो फर्जी है, जिन लोगों को हाथ बांधकर मारते हुए दिखाया जा रहा है, वह अलग-अलग लोग हैं। इस वीडियो का साहिबाबाद थाने से कोई मतलब नहीं है, जिन लोगों ने वीडियो वायरल किया है, उनको चिह्नित किया जा रहा है।
मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं 30 बदमाश
सहारनपुर। एडीजी प्रशांत कुमार ने कहा कि मेरठ जोन में 20 मार्च 2017 के बाद से 1107 मुठभेड़ हुई हैं, जिनमें 30 बदमाश मारे गए और एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ है।