सहारनपुर में गरीबों के इलाज का एकमात्र सहारा जिला अस्पताल ही है, लेकिन अस्पताल में न तो पर्याप्त संसाधन हैं और न चिकित्सक मरीजों के प्रति गंभीर नजर आ रहे हैं, उस पर मशीनों का खराब होना मुसीबत बन गया है। इससे न सिर्फ मरीज परेशान हैं, बल्कि लगातार हंगामा भी कर रहे हैं।
मंगलवार को अमर उजाला टीम दोपहर करीब 12.30 बजे जिला अस्पताल पहुंची तो सीएमएस कार्यालय में हंगामा मच रहा था। राजीव गुंबर एक चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। सीएमएस डॉ. आशा शर्मा ने किसी प्रकार उनको संतुष्ट किया।
आगे बढ़े तो मरीजों की लाइन डिजिटल एक्स-रे के सामने लगी मिली, लेकिन रूम बंद मिला। पूछने पर पता चला कि आज डिजिटल एक्सरे मशीन में खराबी आ गई है, इसलिए एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं।
पहली मंजिल पर पहुंचे तो वहां सर्वेलेंस लैब बंद मिली, वहां के स्टाफ ने बताया कि आज डाक्टर मैडम किसी मीटिंग में गईं हुईं हैं, इसलिए लैब बंद है। तभी एक चिकित्सक ओटी से निकलकर आए, पूछने पर बताया कि यहां पर कई मशीनों की जरूरत है।
ओटी में इमेज आइडेंसी फायर खराब हो गया है। वही ठीक नहीं हो पाया है। बीडी बाजोरिया जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशा शर्मा का कहना है कि डिजिटल एक्सरे की मशीन की मेंटीनेंस के लिए लखनऊ से ही इंजीनियर्स आते हैं।
कल ही खराब हुई और आज ही इंजीनियर को बुला लिया गया है। मशीन ठीक कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस माह 450 डिजिटल एक्स-रे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में जो भी मशीनें दिक्कत कर रहीं थीं, अब सभी ठीक काम कर रहीं हैं। कुछ मशीनों की डिमांड भी भेजी गई है।