सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने चिकित्सकों को कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी कोविड अस्पतालों से नियमित संवाद बनाते हुए आक्सीजन और जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्ध कराए।
रविवार को राजकीय मेडिकल कालेज के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। होम आईसोलेशन वाले मरीजों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी नियमित रूप से हासिल करें। उन्होंने कोविड वार्ड में प्रतिदिन बेड सीट बदलने एवं समुचित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंटीग्रेटिड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी सक्रियता से संचालित करें। एंबुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मरीजों का हर संभव इलाज कराए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आपातकालीन एवं आवश्यक सुविधाओं पर अधिक ध्यान दें। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को टेस्टिंग के बाद तत्काल रिपोर्ट की जानकारी देने के निर्देश दिए। एंबुलेंस में आक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। फील्ड में तैनात कर्मचारी मास्क और दस्ताने का शत प्रतिशत प्रयोग करें। कोविड मरीजों की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।