सहारनपुर के साढ़ौली कदीम के नानौली गांव में मिट्टी की दीवारों पर बनाई गई रसोई ढहने से उसके अंदर बैठकर खाना खा रहे दंपति मलबे में दब गए।
आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर दंपति को बाहर निकाला और घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति की हालत गंभीर बनी है।
हादसा शनिवार की रात करीब दस बजे हुआ। तहसील क्षेत्र के नानौली गांव निवासी जुबैर (28) और उसकी पत्नी नसीमा (26) घर के बाहर बनी रसोई के अंदर खाना खा रहे थे कि रसोई की दीवारें भर भराकर ढह गई और दोनों मलबे में दब गए।
आवाज सुन आस पड़ोस के लोग मौके पर दौड़े और आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में चिलकाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने नसीमा को मृत घोषित कर दिया, जबकि जुबैर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि जुबैर की हालत भी गंभीर बनी हुई है। रविवार की सुबह नायब तहसीलदार नितिन तेवतिया, कानूनगो और लेखपाल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार योगेंद्र यादव ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।