सरसावा में महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंकते करणी सेना के कार्यकर्ता
- फोटो : SAHARANPUR
करणी सेना ने फूंका महाराष्ट्र सरकार का पुतला
सरसावा (सहारनपुर)। फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत के दफ्तर पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा की गई कार्रवाई का करणी सेना ने जोरदार विरोध किया। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंकते हुए राष्ट्रपति से महाराष्ट्र की सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
शुक्रवार को सरसावा में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने नकुड़ रोड तिराहे पर फिल्म अभिनेत्री कंगना रणौत के साथ किए जा रहे व्यवहार पर कड़ा रोष जताते हुए जोरदार प्रदर्शन किया तथा महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंका। कान्हा राणा ने कहा कि कंगना ने सुशांत राजपूत की मौत तथा रिया चक्रवर्ती के संबंधों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के गंदे चेहरे को बेनकाब कर नशीले पदार्थों के संवेदनशील मुद्दे को उठाकर अनेक फिल्मकारों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कहीं ना कहीं इससे शिवसेना तथा वहां की सरकार प्रभावित हो रही थी, जिसको लेकर कंगना के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई की गई है जो संवैधानिक दृष्टि से बिल्कुल गलत है। करणी सेना यह बर्दाश्त नहीं करेगी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर रणौत की मदद करेगी। महाराष्ट्र सरकार का पुतला फूंकने के बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सरसावा थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थानाध्यक्ष को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान दिग्विजय सिंह, सहदेव सिंह, बादल सिंह, अंकुर सैनी, विनोद कुमार, मनोज सैनी, दीपक राणा, अभिषेक, सचिन राणा, भूपेंद्र सिंह, डीएस चौहान आदि रहे।