संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के संपन्न होने के बाद बाजार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है। रूट डायवर्ट होने के चलते न तो बाजार में ग्राहक आ रहे थे और न ही कारोबारियों का सामान बाहर जा पा रहा था।
बुधवार को शिवरात्रि पर्व के साथ ही 11 जुलाई से जारी कांवड़ यात्रा का भी समापन हो गया। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के चलते जिले के मुख्य मार्गों और हाईवे पर रूट को डायवर्ट किया था। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहक भी बाजार का रुख नहीं कर रहे थे।
ट्रांसपोर्टर्स भी न तो माल को बाहर से मंगा पा रहे थे और न ही माल को बाहर भेज रहे थे। महानगर के रायवाला, नेहरू मार्केट कपड़े की सबसे पड़ी मार्केट है। यहां पर सहारनपुर से ही नहीं बल्कि रुड़की, यमुनानगर, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर आदि जिलों से भी लोग खरीदारी करने के लिए आते हैं।
इस मामले में ट्रांसपोर्टर्स ललित पोपली कहते हैं कि हाईवे पर भारी वाहनों को बंद करने के कारण माल न तो बाहर जा पा रहा था और न ही मंगाया जा रहा था। जिले से दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब आदि राज्यों में सामान भेजा जाता है। हाईवे बंद होने के चलते काफी परेशानी हो रही थी।