बेहट। सहारनपुर की सुंदर विहार कालोनी निवासी रविंद्र कुमार ने तहसील बेहट में तैनात कानूनगो पर भूमि की पैमाइश करने के नाम पर दो लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। उसने इस संबंध में शिकायत के साथ जिलाधिकारी को शपथ पत्र भी दिया है।
रविंद्र कुमार का कहना है, कि उसकी तहसील बेहट क्षेत्र के गांव कालूवाला जहानपुर में कृषि भूमि है, जिसके खसरा नंबर 1514/5 की पैमाइश के लिए उसने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था। उपजिलाधिकारी ने तत्कालीन हलका कानूनगो को पैमाइश करने के निर्देश दिए थे। आरोप है, कि कानूनगो ने उससे पैमाइश करने के नाम पर उससे दो लाख रुपये लिए थे, लेकिन उन्होंने पैमाइश नहीं की और अब उनका हलका भी बदल गया है। पीड़ित का कहना है, कि न तो उसकी भूमि की पैमाइश और न ही कानूनगो ने उसके दो लाख रुपये वापस किए। मांगने पर आनाकानी कर रहे है और उसे धमकी भी दे रहे हैं। एसडीएम मानवेंद्र सिंह का कहना है कि अभी तक उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।