संवाद न्यूज एजेंसी
नानौता। क्षेत्र के गांव नैनपुर सैय्यद का 75 वर्ष पुराना पुल जर्जर हालत के चलते कभी भी ढह सकता है। जिला विकास समन्वय बैठक में कैराना सांसद इकरा हसन ने जिलाधिकारी के समक्ष पुल के नवनिर्माण की बात रखी है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारी लंबे समय से पुल की मरम्मत की मांग को नजरअंदाज कर रहे हैं। करीब छह माह पूर्व कैराना सांसद इकरा हसन ने भी पुल की समस्या को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात की थी। इसके बाद डीएम ने सिंचाई विभाग को पुल का नवनिर्माण कराने के आदेश जारी किए थे, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। सोमवार को हुई जिला विकास समन्वय बैठक में सांसद ने एक बार फिर जर्जर पुल की मरम्मत का मुद्दा उठाते हुए जिलाधिकारी से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के क्षतिग्रस्त होने से उन्हें खेतों व कस्बे तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से पुल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की अपील की है।