नकुड़। कैराना सांसद इकरा हसन मामले में पुलिस ने वीडियो वायरल करने वाले एक नामजद समेत 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, रोहित प्रधान ने उक्त मामले के संबंध में माफी मांगने का वीडियो भी जारी किया है।
गांव दैदपुरा निवासी सुरेंद्र सिंह ने तहरीर दी। बताया कि बुधवार रात को गांव छापुर में रोहित प्रधान ने अपने 15-20 लोगों के साथ कैराना सांसद के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दी। आरोप लगाया कि वीडियो में रोहित ने अवैध हथियारों की धमकी भी दी।
सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एक संवैधानिक पद पर बैठी प्रतिष्ठित महिला के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित व आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करके आरोपी सांप्रदायिक माहौल खराब करना चाहते हैं। सुरेंद्र सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि बुधवार रात को गांव छापुर स्थित शिव लक्ष्मी मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़ फोड़ की गई थी।
इसी मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कैराना सांसद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।