चिलकाना (सहारनपुर)। चीन के सियान शहर में मेडिकल की पढ़ाई पढ़ रहे गांव संगमौर का छात्र रविवार सुबह को दिल्ली आ गया। छात्र को मेडिकल जांच के लिए 14 दिन के लिए नजफगढ़ स्थित एक स्वास्थ्य शिविर में रखा जाएगा।
चिलकाना के गांव संगमौर निवासी जुनैद पुत्र उस्मान तीन वर्ष पहले चीन के सियान शहर में स्थित एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस करने गया । जुनैद जुलाई में दो माह की छुट्टी लेकर घर आया और सितंबर में वापस कॉलेज चला गया । जुनैद के पिता उस्मान ने बताया सियान में जुनैद की पढ़ाई ठीक-ठाक चल रही थी। चार दिन पहले जुनैद ने चीन में फैली कोरोना बीमारी के बारे में बताया। चीन में फैली बीमारी को देख भारत सरकार ने वहां पढ़ रहे छात्रों को भारत बुलाने की जानकारी दी। जुनैद ने शनिवार को घरवालों को बताया कि वह रविवार को दिल्ली पहुंच जाएगा। रविवार को सुबह करीब नौ बजे जुनैद ने बताया कि उसे दिल्ली एयरपोर्ट से मेडिकल जांच के लिए नजफगढ़ स्थित एक कैंप ले जाया जा रहा है। वहां 14 दिन रखा जाएगा। इसके बाद घर आने की अनुमति मिलेगी।
रविवार को शाम पांच बजे जुनैद ने पिता को फोन पर बताया कि उसे नजफगढ़ स्थित कैंप में जांच के लिए रखा है, साथ ही कहा कि उसे यहां 14 दिन रहना पड़ेगा। जुनैद के परिजन चिंता में है। रिश्तेदार भी फोन कर उसकी जानकारी ले रहे है। जुनैद तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। एक बड़ी बहन है। जुनैद के पिता ने बताया कि उन्होंने परिवार के अन्य खर्चों को कम कर जुनैद को पढ़ने के लिए विदेश भेजा है।