सहारनपुर। सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान नगर निगम द्वारा की गई कार्रवाइयों, सफाई व्यवस्था और सुंदरीकरण की पड़ताल के लिए शनिवार को लखनऊ से संयुक्त निदेशक नगर निकाय गंगाराम गुप्ता सहारनपुर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में बैठक करने के साथ ही महानगर में कई जगहों पर जाकर व्यवस्थाओं को देखा।
संयुक्त निदेशक ने शनिवार की सुबह सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके लिए वह सुबह सुबह माहेश्वरी खुर्द में बनाए जा रहे डंपिंग ग्राउंड, मातागढ़ में संचालित एमआरएफ सेंटर आदि जगह पहुंचे। मल्हीपुर रोड स्थित एसटीपी और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित सुक्खुपुरा में आवासों का भी निरीक्षण किया। संयुक्त निदेशक ने नगर निगम द्वारा नवादा में संचालित कान्हा उपवन गोशाला में गोवंश के रखरखाव और वहां बनाए जा रहे उत्पादों को भी देखा। इसके बाद वह सांवलपुर नवादा व दिल्ली रोड पर तालाब का सुंदरीकरण देखने पहुंचे। संयुक्त निदेशक ने पांवधोई नदी पटरी पर तथा जनमंच स्थित वेंडिंग जोन का निरीक्षण करने के अलावा निगम परिसर में ई-लाइब्रेरी व आईसीसीसी कमांड कंट्रोल सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पैरामाउंट में पार्कों, सड़कों पर कराई गई पेंटिंग व जेब्रा क्रॉसिंग आदि भी देखी। अंत में नगर निगम में नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से मुलाकात कर चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर नगरायुक्त राजेश यादव, मुख्य अभियंता निर्माण कैलाश सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण आलोक श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता जलकल सुशील सिंघल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल आदि मौजूद रहे।