सहारनपुर के सरस्वती विहार स्कूल में कौशल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। पहले दिन अभ्यर्थियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर हिस्सेदारी की।
दिल्ली रोड स्थित स्कूल में आयोजित मेले का उद्घाटन सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है, जब प्रधानमंत्री के प्रयास के चलते देश की जानी मानी कंपनियां हजारों युवाओं और युवतियों को इतने बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराने जा रही है।
इस दौरान सांसद ने कहा कि अधिकांश राजनीतिक पार्टियां कुछ गिने चुने लोगों को लैपटॉप आदि देकर अपने कर्तव्य की इतिश्री समझ लेती हैं। लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने जो मिशन हाथ में लिया है उसका लक्ष्य और उद्देश्य सबका विकास है।
प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशानुसार मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेडकर दो दिवसीय रोजगार मेले में चुने गए प्रतिभागियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। नगर विधायक राजीव गुंबर, दिनेश सेठी, स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार आदि मौजूद रहे।
उध्रर, रोजगार मेले में मंडल के करीब 1900 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। करीब 50 कंपनियों के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। मेले में करीब 25 फीसदी अभ्यर्थियों को नौकरी मिलने की उम्मीद है।
चयनित अभ्यर्थियों को मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेडकर सोमवार को ऑफर लेटर देंगे। रविवार को मेले में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। विभिन्न कंपनियों के अधिकारियों ने विद्यालय के अलग अलग कक्षों में अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए।
मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के अभ्यर्थी शामिल रहे। रोजगार मेले का सोमवार को अंतिम दिन है। अपराह्न तीन बजे मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावेडकर चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से ऑफर लेटर प्रदान करेंगे।