फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंद्रशेखर से मिलने जिला जेल पहुंचे जिग्नेश मेवाणी

Thu, 11 Jan 2018 01:25 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली में पार्लियामेंट स्ट्रीट पर हुई युवा हुंकार रैली एवं जनसभा के बाद गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी चंद्रशेखर उर्फ रावण से मिलने के लिए सीधे सहारनपुर पहुंचे। जहां उन्होंने जेल में चंद्रशेखर से मिलने का प्रयास किया। मुलाकात न हो पाने के बाद जिग्नेश मेवाणी पंजाब के लिए रवाना हो गए। 
विज्ञापन


मंगलवार को दिल्ली में हुई युवा हुंकार रैली एवं जनसभा में भीमा कोरेगांव के मामले के साथ विधायक जिग्नेश मेवाणी एवं कन्हैया ने सहारनपुर हिंसा एवं चंद्रशेखर पर मुकदमे लगाकर जेल भेजने का मुद्दा उठाया था।

सहारनपुर से हजारों की संख्या में भीम आर्मी केे कार्यकर्ता भी शामिल हुए। युवा हुंकार रैली के बाद विधायक जिग्नेश मेवाणी बुधवार को सुबह सीधे सहारनपुर पहुंचे। विधायक जिग्नेश मेवाणी गुपचुप तरीके से सुबह 11 बजे जिला कारागार पहुंचे और जिला कारागार में सहारनपुर हिंसा के आरोपी भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण से मुलाकात के लिए अर्जी दी।
विज्ञापन


उन्होंने जेल अधीक्षक से मुलाकात की और चंद्रशेखर से मुलाकात के लिए समय मांगा, लेकिन जिला जेल प्रशासन ने चंद्रशेखर से मुलाकात कराने से इंकार कर दिया। लगभग आधा घंटा तक जिला कारागार पर विधायक जिग्नेश मेवाणी रुके। उसके बाद पंजाब में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए। 

मुलाकात के लिए दिया प्रार्थना पत्र 
विधायक जिग्नेश मेवाणी ने चंद्रशेखर उर्फ रावण से मुलाकात न हो पाने के बाद जेल प्रशासन को मुलाकात कराने के लिए एक प्रार्थना-पत्र दिया, जिसमें निवेदन किया गया कि जिला कारागार उन्हें मुलाकात का जो भी समय निर्धारित करे उन्हें बता दें। वह उसी दिन मुलाकात के लिए पहुंच जाएंगे। 

राजनीतिक लोगों से मिलने की अनुमति नहीं 
जिला कारागार अधीक्षक डाक्टर वीरेश राज शर्मा का कहना है कि चंद्रशेखर से सिर्फ उसके परिजन एवं उसका अधिवक्ता को ही निर्धारित समय में मुलाकात करने की अनुमति है। किसी राजनीतिक व्यक्ति को चंद्रशेखर से मुलाकात की अनुमति नहीं है। जिस कारण विधायक जिग्नेश मेवाणी को चंद्रशेखर से मिलने नहीं दिया गया।

अब यूपी और उत्तराखंड की राजनीति को गर्माने की तैयारी  
दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पर हुई युवा हुंकार रैली एवं जनसभा में विधायक जिग्नेश मेवाणी ने कहा था कि अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में दलितों पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।

इस रैली के तुरंत बाद ही जिग्नेश मेवाणी सीधे  सहारनपुर  में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर से मुलाकात करने के लिए जेल पहुंच गए। मुलाकात  न होने पर जेल प्रशासन से मुलाकात का समय मांग लिया।

भीमा कोरेगांव में भी जिग्नेश मेवाणी ने 31 दिसंबर को बयान दिया था कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद पर लगे सारे केस हटा लिए, लेकिन चंद्रशेखर उर्फ रावण के ऊपर लगे झूठे केसों को हटाना भूल गए।

उधर, जिग्नेश द्वारा दिल्ली में चंद्रशेखर का मुद्दा उठाए जाने और फिर सहारनपुर पहुंचने भीम आर्मी में भी उत्साह है। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी ने चंद्रशेखर को रिहा कराने के लिए गुपचुप तरीके से आंदोलन की रणनीति भी बनानी शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें