गागलहेड़ी (सहारनपुर)। शनिवार की रात चोरों ने सराफ की दुकान का शटर उखाड़कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी का पता चलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी विनीत भटनागर भी डाग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
कसबे के भगवानपुर रोड पर गागलहेड़ी निवासी आकाश वर्मा की बालाजी ज्वैलर्स की दुकान है। शनिवार की रात किसी वक्त चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर दुकान में चोरी कर ली। रविवार की सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचा तो शटर उखड़ा देख उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। इसके बाद पुलिस को खबर की गई। सूचना पर थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। एसपी सिटी विनीत भटनागर भी डाग स्क्वायड को लेकर मौके पर पहुंचे और जांच की। एसपी सिटी ने थानाध्यक्ष को घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पीड़ित दुकानदार ने चोरी की तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पीड़ित ने तहरीर में नुकसान का ब्योरा नहीं लिखा है। उसका कहना है कि लाखों का जेवर गया है। आंकलन के बाद ही पता चल सकेगा। उधर थाना प्रभारी आदेश त्यागी ने बताया की ज्वैलरी की दुकान के अंदर बाहर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। ना ही कोई सुरक्षा उपकरण लगा है। कहा कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।