सहारनपुर। नुमाइश कैंप के मोहल्ला शांति नगर में चोरों ने सराफ की दुकान में छत पर बने कमरे के रास्ते दुकान में घुसकर लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली। चोरों ने चौकी के सामने ही वारदात को अंजाम दिया। जिससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस अधिकारियों, डॉग स्क्वाड एवं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
नगर कोतवाली के नुमाइश कैंप निवासी सतीश लूथरा की नुमाइश कैंप चौकी के सामने ही जनता रोड पर सराफ की दुकान है। दुकान के ऊपर ही एक कमरा बना हुआ है। सतीश लूथरा ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। जब सुबह लगभग 10 बजे दुकान पर पहुंचे और शटर खोलकर देखा तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। दुकान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ी थे। उन्होंने बताया कि पास की दुकान की छत से चोर दुकान के ऊपर बने कमरे के बाहर पहुंचे और कमरे के दोनों दरवाजों को तोड़कर सीढ़ियों के रास्ते दुकान में उतरे। चोरों ने दुकान में रखे लगभग 20 लाख रुपये के सोने एवं चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली। दुकान में लगी सीसीटीवी में चोरी की वारदात रिकार्ड होने पर चोर डीबीआर भी निकालकर ले गए।
पुलिस चौकी के सामने ही सराफ की दुकान में 20 लाख की चोरी से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनीत भटनागर, पुलिस क्षेत्राधिकारी मुकेश चंद्र मिश्र, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के बाद अधिकारियों ने डॉग स्क्वाड एवं फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम ने दुकान से कफी साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
शाम को रेकी, रात में चोरी
चोरों ने सराफ की दुकान में वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान की रेकी भी की। बताया जा रहा है कि एक सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आ रहे हैं जो शाम से ही दुकान के आसपास के चक्कर लगा रहे थे। जिससे उन पर संदेह जताया जा रहा है। उनकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
डीजे की धुन पर हथौड़ा से प्रहार
सराफ की जिस दुकान में चोरी की वारदात को शुक्रवार रात अंजाम दिया गया। उस दुकान के नजदीक ही एक मकान में शादी का कार्यक्रम हो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि डीजे के शोर का फायदा उठाकर चोरों ने हथौड़े से दुकान के ऊपर बने कमरे के दरवाजे तोड़े। जिससे किसी को पता नहीं चल सका।
डॉग स्क्वाड की सहायता से मिले हैं सुराग
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि दुकान के पीछे खाली पड़े मकान से ही चोर दुकान के बराबर वाली छत पर पहुंचे और वहां से दुकान के ऊपर बने कमरे से होकर दुकान में घुसे। डॉग स्क्वाड की मदद से इस प्रकार के सुराग एवं निशान मिले हैं। जांच टीमें गठित कर दी गईं हैं। सीसीटीवी फुटेज में भी संदिग्ध नजर आ रहे हैं।