सहारनपुर। विधानसभा चुनाव में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब 10 फरवरी को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह भी जनपद में आ रहे हैं। वे गंगोह, नकुड़ और रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्रों में गठबंधन प्रत्याशियों के लिए वोटरों को साधेंगे।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया चौधरी जयंत सिंह जनपद की गंगोह विधानसभा सीट के गांव मानपुर (गढ़ी बीरबल), नकुड के गांव बाधी और रामपुर मनिहारान के गांव चंदेना कोली में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए मंगलवार को रालोद जिलाध्यक्ष राव कैसर और प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह ने तीनों जनसभा स्थलों को निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चौधरी जयंत सिंह सबसे पहले दोपहर 12.30 बजे चंदेना कोली गांव में हेलीकॉप्टर से आएंगे। इसके बाद अपराह्न 2.15 बजे वे गंगोह विधानसभा क्षेत्र के गांव मानपुर (गढ़ी बीरबल) की जनसभा में पहुंचेंगे। यहां से रालोद सुप्रीमो अपराह्न 3.30 बजे नकुड विधानसभा के गांव बाधी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अपराह्न 4.15 बजे वे यहां से ग्रेटर नोएडा के लिए प्रस्थान करेंगे।
जयंत चौधरी की सभा स्थल का निरीक्षण करते रालोद पदाधिकारी- फोटो : SAHARANPUR