फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: जमीयत उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, कानूनी लड़ाई पर किया मंथन

Wed, 09 Sep 2026 12:56 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सहारनपुर। जमीयत-उलमा-ए-हिंद के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मस्जिद विध्वंस को लेकर समाज के विभिन्न लोगों से मुलाकात की। महासचिव मौलाना मुहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने कहा कि मामले से संबंधित सभी दस्तावेज और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, जिन्हें अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। सहारनपुर के लोगों को इस मामले में जहां भी कानूनी सहायता की आवश्यकता होगी, जमीयत उलमा-ए-हिंद उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
विज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल ने सांसद इमरान मसूद, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, भूमि से जुड़े याकूब खान के पौत्र फिरोज खान और शाह हारून खान, एडवोकेट नौशाद तथा मुकदमे के पक्षकार एडवोकेट तनवीर अहमद सहित अन्य संबंधित लोगों से चर्चा की। अधिवक्ताओं के साथ विशेष बैठक कर मामले के सभी जटिल कानूनी पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। जमीयत उलमा-ए-हिंद के महासचिव मौलाना मुहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने मस्जिद के विध्वंस पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की गई। कहा कि जिस तरह से जल्दबाजी में कार्रवाई की गई। उससे शहर के लोगों में बेचैनी हुई है। इस दौरान मौलाना कासिम नूरी, मौलाना अली हसन मजाहिरी, मौलाना अजीमुल्लाह सिद्दीकी, मौलाना मुहम्मद यूसुफ कासमी आदि रहे।
शहर काजी नदीम अख्तर हुए भावुक
शहर काजी नदीम अख्तर ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि मस्जिद को ध्वस्त करने पर मुस्लिम ही नहीं हिंदू भी दुखी है। उन्होंने कहा कि मस्जिद की लड़ाई कानून के अनुसार ही लड़ी जाएगी। जिले के सभी वर्गों के लोगों ने धैर्य और सौहार्द का परिचय दिया है। यही हमारी तहजीब है। यह बात कहते हुए वह भावुक भी हो उठे।
विज्ञापन

शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
सोमवार को एएसआई के सहायक पुरातत्व विशेषज्ञ ने स्थल पर मिले कुएं जैसी संरचना की जांच की थी। इसके बाद उन्होंने इसे उत्तर मध्यकालीन और करीब 200 से 250 वर्ष पुराना होने की संभावना व्यक्त की। जांच रिपोर्ट शासन को भेजा जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि करीब सप्ताहभर में जांच की रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी। इसके बाद प्रशासन और शासन द्वारा ही कुएं की खोदाई और आगे सर्वे कराए जाने का निर्णय लिया जाएगा। बता दें, जांच के बाद सहायक पुरातत्व अधिकारी डॉ. मनोज कुमार यादव ने बताया था कि हर राजवंश में ईंटों का अपना इतिहास रहा है। कुएं जैसी संरचना में जिन ईंटों का इस्तेमाल हुआ है वह लखौरी ईंटें हैं।
कानून के हिसाब से लड़ी जाएगी लड़ाई : एमएलसी शाहनवाज
एमएलसी शाहनवाज ने मीडिया को दिए बयान में सड़क पर उतरने के सवाल पर कहा कि क्या हम सहारनपुर को दूसरा संभल और बरेली बनने दें। जनप्रतिनिधि के तौर पर हमारी जिम्मेदारी है कि जिले का माहौल खराब न हो। कानूनी लड़ाई को कानून के हिसाब से ही लड़ा जाएगा। उन्होंने सभी से शांति की अपील की है।
सपा सुप्रीमो को सौंपी रिपोर्ट
सोमवार को जिले में आए सपा के प्रतिनिधिमंडल ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव को रिपोर्ट सौंपी है। इसके साथ ही उन्हें पूरे मामले और वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया गया है। सपा ने 23 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को जिले में भेजा था। इनमें से 11 नेता ही जिले में आ सके। अन्यों को नजरबंद कर लिया गया था।

मस्जिद नहीं दिल टूटा : सांसद इमरान
सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह मुद्दा राजनीति का नहीं है। मस्जिद नहीं दिल टूटा है। यह सहारनपुर है। यहां पर नफरत नहीं चलती है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के अंदर कागज बोलेंगे। वहां पर किसी की बात नहीं चलेगी। यह सारा मामला 2027 के चुनाव के चलते किया गया है। मस्जिद मामले में कमेटी को समय नहीं दिया गया। हम सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें