- होली पर ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मियों को भी मिलेगी प्रोत्साहन राशि
- देहरादून, हरिद्वार और मुजफ्फरनगर मार्ग पर नहीं होगी बसों की किल्लत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। होली पर रोडवेज बसें अतिरिक्त फेरों के साथ दौड़ेंगी। 28 फरवरी से नौ मार्च तक दस दिवसीय होली प्रोत्साहन योजना लागू रहेगी। होली पर ड्यूटी करने वाले रोडवेज कर्मियों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
सहारनपुर परिवहन निगम परिक्षेत्र के छह डिपो में 700 से अधिक बसों का बेड़ा है। इन डिपो से दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों के लिए बसें संचालित होती हैं। होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में परिवहन निगम ने सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज कर्मियों, चालक-परिचालकों के विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की है। इस दौरान यदि कर्मचारी नौ दिन उपस्थित रहकर बसों का औसतन 300 किलोमीटर संचालन करते हैं तो उन्हें 3600 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
पूरे 10 दिन ड्यूटी करने और लक्ष्य पूरा करने पर 4500 रुपये का भुगतान होगा। वहीं, मानक से अधिक किलोमीटर चलने पर 55 पैसे प्रति किमी की दर से अतिरिक्त भुगतान मिलेगा।डिपो और क्षेत्रीय कार्यशाला के कर्मचारियों को भी नौ दिन पर 1800 रुपये और 10 दिन पर 2100 रुपये का बोनस मिलेगा। रोडवेज कर्मियों की छुट्टी पर भी रोक लगा दी है। सहारनपुर से देहरादून, हरिद्वार, शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फनगर, अंबाला आदि मार्गों पर रोडवेज बसें अतिरिक्त फेरे के साथ संचालित होंगी।
- रेलवे ने भी चलाई होली स्पेशल
होली पर यात्रियों को कोई परेशानी न हो, इसलिए रेलवे ने भी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 05736 व 05735 कटिहार-अमृतसर-कटिहार स्पेशल का संचालन 25 फरवरी से शुरू होगा, जो 27 मार्च तक संचालित होगी। यह ट्रेनें अप-डाउन में पांच चक्कर लगाएगी। दोनों दिशाओं में ट्रेनें सहारनपुर रुककर चलेगी। इससे पूर्व भी रेलवे ने होली पर बिहार के लिए दो स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की थी।
वर्जन
होली प्रोत्साहन योजना 28 फरवरी से लागू हो जाएगी, जो नौ मार्च तक लागू रहेगी। इस दौरान रोडवेज बसें अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। रोडवेज कर्मियों, चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी। - योगेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम