रजबहे की पुलिया पर दोनो ओर सुरक्षा दीवार बनाएगा सिंचाई विभाग
नानौता(सहारनपुर)। क्षेत्र ग्राम बरसी के महाभारतकालीन शिव मंदिर को जाने वाले मार्ग पर पड़ने वाले रजबाहे की पुलिया पर दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। सिंचाई विभाग की ओर से अगले साल पुलिया के चौड़ीकरण का आश्वासन भी दिया गया है।
महाभारतकालीन शिव मंदिर पर हर साल महाशिवरात्रि के पर्व पर विशाल मेला लगता है, जिसमें लाखों लोग आते हैं। इस बार 21 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व आ रहा है। नानौता-तीतरो मार्ग से मंदिर की ओर जाने के लिए एक रजबाहे की पुलिया पार करनी पड़ती है। मंदिर जाने वाला मुख्य मार्ग होने के बावजूद यह पुलिया बेहद संकरी है। इसके दोनों ओर सुरक्षा दीवार तक नहीं है। अगर कोई वाहन चालक जरा सा संतुलन खो दे तो सीधे रजबाहे में गिर सकता है। ग्राम बरसी निवासी डॉ. योगेश योगी ने जन सुनवाई पोर्टल के माध्यम से पुलिया पर सुरक्षा दीवार बनवाने और इसके चौड़ीकरण की मांग उठाई थी। उनकी मांग पर अपर खंड पूर्वी यमुना नहर के अधिशासी अभियंता ने जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिया के दोनों ओर दीवार का कार्य शीघ्र ही करा दिया जाएगा, जिससे आवागमन में कोई असुविधा न हो। अधिशासी अभियंता ने इसके लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि पुलिया की चौड़ाई बढ़ाए जाने संबंधी कार्य को वित्तीय वर्ष 2020-21 के निर्माण प्रस्तावों में शामिल किया जाएगा।