क्रिकेट मैदान का उद्घाटन करते आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला और सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विनीत सरन
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जनपद के ज्ञानकलश इंटरनेशनल स्कूल में उच्च स्तर का क्रिकेट मैदान तैयार किया गया है। शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विनीत सरन, आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला और यूपीसीए सचिव डॉक्टर युद्धवीर सिंह ने मैदान का उद्घाटन किया। उन्होंने क्रिकेट मैदान को जनपद के खिलाड़ियों के लिए सौगात बताया।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से तैयार किए गए क्रिकेट मैदान की पिच, अंतरराष्ट्रीय स्तर के पिच क्यूरेटर शिव कुमार यादव के द्वारा तैयार की गई है। शनिवार को मैदान का उद्घाटन करने पहुंचे न्यायमूर्ति विनीत सरन और आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने काम की सराहना की। दोनों ने मैदान का निरीक्षण करने के साथ ही गेंद और बल्ले पर हाथ भी आजमाए।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: देखें आखिर कौन हैं विश्वकप में धमक दिखाने वाले क्रिकेटर मयंक अग्रवाल
न्यायमूर्ति विनीत सरन ने मैदान की सराहना करते हुए नवोदित खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राजीव शुक्ला ने कहा कि सहारनपुर के क्रिकेट खिलाड़ी टीम इंडिया को छोड़कर हर स्तर के क्रिकेट में आगे आए हैं, जिसके पीछे यहां क्रिकेट के लिए काम करने वालों खासकर एसडीसीए के लोगों का हाथ है।
वहीं स्कूल के संस्थापक और नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि मैदान को तैयार करने के पीछे मकसद जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा देना और यहां बड़े मैच कराकर खिलाड़ियों में उत्साह भरना है। उन्होंने कहा कि यह सब एसडीसीए के चेयरमैन अकरम सैफी की वजह से हो सका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि जनपद की प्रतिभाओं के खेल को निखारने के लिए आज जो यह नई शुरुआत की गई है, यह वास्तव में खिलाड़ियों के साथ-साथ जनपदवासियों के लिए नई इबारत लिखने का काम करेगी। इस मौके पर एसडीसीए के निदेशक अकरम सैफी, अध्यक्ष अमर गुप्ता, सचिव लतीफुर्रहमान, रवि सिंघल, कोषाध्यक्ष साजिद उमर, उपाध्यक्ष राजकुमार राजू, पाल्ली कालड़ा, परविंदर सिंह, सैयद मशकूर, वकार अहमद, सत्यम शर्मा आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/