सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में युवक को जिंदा जलाने के मामले में अब यूनानी विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है।
विभाग पता लगाएगा कि चिकित्सक ने कहां से यूनानी चिकित्सा का डिप्लोमा हासिल किया है। साथ ही क्लीनिक का रजिस्ट्रे्शन नंबर भी चेक होगा। पूछताछ में हत्यारोपी चिकित्सक ने डीयूएमएस की डिग्री होना बताया था।दरअसल, एक दिन पहले देहात कोतवाली पुलिस ने कार में युवक को जिंदा जलाने की घटना का सनसनीखेज खुलासा किया था। खुद को मृत दिखाने और अमीर बनने के लिए चिकित्सक ने साजिश रची थी।
पूछताछ में हत्यारोपी चिकित्सक डॉ. मुबारिक ने बताया था कि वह यूनानी चिकित्सक है और मोहल्ला हबीबगढ़ में अरबी मदरसे के पास क्लीनिक है। पुलिस को चिकित्सक की डिग्री पर संदेह हुआ। अब इस मामले में चिकित्सक के डिप्लोमा की जांच यूनानी विभाग करेगा।
विभाग जांच कर पता लगाएगा कि जो डिलोमा चिकित्सक ने यूनानी में ले रखा है, वह असली या फर्जी। उधर, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रामकृपाल ने बताया कि डिप्लोमा की जांच होगी। टीम को क्लीनिक पर भेजकर जांच कराई जाएगी। रजिस्ट्रे्शन नंबर चेक होगा कि वह पंजीकृत भी था या नहीं। इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। इसके बाद ही पता चलेगा कि डाॅक्टर का डिप्लोमा सही है या नहीं। इस मामले में कई लोग जांच के दायरे में आ सकते हैं।