सहारनपुर के कोतवाली नकुड़ क्षेत्र में बिना अनुमति के सम्राट मिहिर भोज गुर्जर गौरव यात्रा निकालने और यात्रा के विरोध में कलक्ट्रेट का घेराव करने और जाम लगाने वालों की पुलिस द्वारा वीडियो के आधार पर पहचान की जा रही है। पुलिस-प्रशासन गुर्जर और राजपूत दोनों समाज के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में है। उधर, मामले की संवदेनशीलता को देखते हुए दूसरे दिन मंगलवार को भी जिले की इंटरनेट सेवाएं बंद रही।
सोमवार को बिना अनुमति के गुर्जर समाज के लोगों ने फंदपुरी से यात्रा निकाली, जो नकुड़ व अंबेहटा होते हुए पुन: फंदपुरी पहुंचकर संपन्न हुई थी। यात्रा को रोकने में पुलिस-प्रशासन फेल रहा। मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने कई जगहों पर यात्रा रुकवाने की कोशिश की, लेकिन यात्रा में शामिल लोग नहीं माने और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। उधर, यात्रा के विरोध में राजपूत समाज के लोगों ने कलक्ट्रेट का घेराव करते हुए जाम लगाया था।