सहारनपुर। उमाही कलां निवासी एक व्यक्ति ने आयुष्मान कार्यालय की महिला कर्मचारी पर कार्ड बनाने की एवज पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सीएमओ ने मामले में जांच बैठा दी है।
उमाही कलां निवासी लक्ष्य कुमार ने बताया कि उसके पिता सतीश कुमार एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं। उनके पिता आयुष्मान योजना के लाभार्थी हैं। हालांकि वह अभी तक गोल्डन कार्ड नहीं बनवा सके हैं। ऋषिकेश एम्स में गोल्डन कार्ड की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने एसबीडी जिला अस्पताल के आयुष्मान कार्यालय में कार्यरत महिला कर्मचारी से गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए संपर्क किया। आरोप लगाया कि महिला कर्मचारी ने पांच हजार रुपये की मांग की। इसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास है। पीड़ित ने सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक से लिखित शिकायत की है।
उधर, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक का कहना है कि यदि आरोपों में सच्चाई है तो यह गंभीर मामला है। फिलहाल एसीएमओ को मामले की जांच सौंपी है। आरोप सिद्ध होने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संवाद