बेहट। कलसिया चेकपोस्ट से अवैध खनिज से भरे वाहनों को पार कराने के लिए रेकी कर रहे जुलफक्कार निवासी अब्दुल्लापुर को एसडीएम और तहसीलदार ने औचक निरीक्षण के दौरान पकड़ लिया। आरोपी अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखकर खनिज वाहनों को रास्ता साफ होने की सूचना देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसडीएम सुबोध कुमार और तहसीलदार विजय कुमार सिंह ने बुधवार की आधी रात में करीब तीन बजे कलसिया चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चेकपोस्ट से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। एसडीएम के आदेश पर पुलिस व राजस्व कर्मियों ने उससे पकड़कर पूछताछ की तो वह घबरा गया। पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच में उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिली। पूछताछ में जुलफक्कार ने बताया, कि कुछ समय पहले कुछ लोग उसे कार से वहां छोड़कर गए थे। उसे खनिज वाहनों को चेकपोस्ट से पार कराने में मदद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
एसडीएम और तहसीलदार की गाड़ी रुकने की सूचना भी उसने खनिज वाहनों के चालकों को दे दी थी, जिसके बाद पीछे आ रहे वाहनों को रोक दिया गया था। एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी चेकपोस्ट पर रेकी कर अवैध खनिज परिवहन में सहयोग कर रहा था। इसके बाद आरोपी को बेहट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।