सहारनपुर जनपद के बड़े धन्नासेठों के फोन इन दिनों आय कर विभाग के रडार पर हैं। सूत्रों के अनुसार विभाग ने ऐसे धन्नासेठों के फोन नंबर को सर्विलांस पर लगाया हुआ है।
इसका मकसद यह जानना है कि यह धन्नासेठ ब्लैकमनी को ठिकाने लगाने के लिए किससे और क्या बात कर रहे हैं। पता चलने के बाद से धन्नासेठों में हड़कंप मचा हुआ है। जो अब संभलकर कदम उठा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने 500 और 1000 के पुराने नोट बंद कर दिए हैं। सरकार का दावा है कि इससे ब्लैकमनी रखने वालों को सबक मिलेगा। यहां आय कर विभाग सरकार की मंशा से कदम मिलाकर चल रहा है।
वहीं फोन नंबर सर्विलांस पर लगने की चर्चाओं के बाद से ऐसे धन्नासेठों में हड़कंप मचा हुआ है। जो कार्रवाई से बचने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं। कुछ धन्नासेठ अपनी ब्लैकमनी को व्हाइट करने के लिए गरीबों का सहारा ले रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार पुराने शहर में कुछ कालोनियां ऐसी हैं जहां धन्नासेठों ने एजेंटों के माध्यम से ब्लैकमनी पहुंचायी है। ऐसे एजेंट्स महिलाओं और बच्चों को बैंकों के बाहर लाइन में लगाकर नोट बदलने का धंधा चला रहे हैं। इसमें एक्सचेंज करने वाले को 15 प्रतिशत तक हिस्सा दिया जा रहा है।