बरसाती नदी के पानी से बहे ट्रैक्टर को निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के बेहट में पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश में शिवालिक पहाड़ियों से निकलने वाली बरसाती नदियों में आए पानी के उफान ने किनारे पर बसे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
सुबह करीब 11 बजे क्षेत्र की सभी बरसाती नदियों में पानी आना शुरू हो गया था। दोपहर एक बजे तक नदियां पूरे उफान पर आ गई, जिससे नदियों से घिरे क्षेत्र के दर्जनों गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कट गया।
नदियों से घिरे गांवों के लोग अपने अपने-अपने कामों पर नहीं जा सके। किसानों को मवेशियों के लिए चारे तक के लाले पड़ गए। कुछ ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर नदियों के तेज बहाव पानी को पार कर अपना काम किया।
कई जगह भूमि कटाव भी हुआ। शाहपुर गांव में सुखबीर सिंह के पिता दिलाराम की तेरहवी थी। दोपहर बाद जब सुखबीर कुछ मेहमानों को ट्रैक्टर पर बैठाकर नदी पार करा रहा था, तो अचानक तेज बहाव पानी में ट्रैक्टर बहकर गहरे पानी में चला गया।
ट्रैक्टर पर सवार करीब चार-पांच लोगों ने पानी में छलांग लगाई और किसी तरह किनारे तक पहुंचकर जान बचाई। शाम के करीब पांच बजे के बाद पानी कम होने पर ही लोगों ने राहत की सांस ली। ब्यूरो