- देवबंद में बिजली चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न रोकने को अफसरों से की वार्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बिजली चेकिंग से लेकर सियासत तक भाजपा पर बरसे। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा हिंदू-मुस्लिम के नाम पर चुनाव लड़ती है। जबकि कांग्रेस ने हिंदू-मुसलमान के नाम पर कभी राजनीति नहीं की। कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
शुक्रवार को देवबंद में डाक बंगले पर पहुंचे इमरान मसूद ने बिहार में भाजपा की सरकार बनने का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ विधायक बन जाने से सरकार नहीं बनती। सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कोई जवाब नहीं दिया। इससे पहले वह इस मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कह चुके हैं। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कोई भी चुनाव हो, भाजपा हमेशा हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लड़ती है, लेकिन अब जनता समझ चुकी है।
उधर, जनसमस्याएं सुनने के दौरान सांसद इमरान मसूद के समक्ष बिजली चेकिंग के नाम पर उत्पीड़न की शिकायतें प्रमुखता से उठीं। सांसद ने विद्युत निगम के एसडीओ संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाकर वार्ता की। इस दौरान हसनपुर लोटनी, उमरी, बड़ा बांस, रतनहेड़ी और सिसौनी समेत नानौता ब्लॉक के सादपुरा हाकटी और साखन खुर्द के ग्रामीणों ने श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार के लिए टीनशेड लगवाने की मांग की।
लोगों ने पुलिस और तहसील से जुड़ी शिकायतें भी सांसद के सामने रखीं। सांसद ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का निस्तारण कराने को कहा। इस मौके पर एमएलसी शाहनवाज खान, राहत खलील, अब्दुल्लाह कुरैशी, साद सिद्दीकी, मो. आजम, रिहान अहमद कुरैशी, डॉ. शाजिया नाज, मो. अफजाल आदि मौजूद रहे।