फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्यप्रणाली में सुधार लाएं अधिकारी : मीणा

विज्ञापन
विकास भवन में बैठक लेते प्रमुख सचिव बीएल मीणा - फोटो : SAHARANPUR
विज्ञापन
सहारनपुर। प्रमुख सचिव पशुधन, मत्स्य, दुग्ध विकास एवं समन्वय विभाग बीएल मीणा ने कहा कि सभी योजनाओं का संचालन पारदर्शिता से किया जाए। लाभार्थियों के खातों को आधार कार्ड से लिंक कराएं। इसके साथ ही समस्त अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में और सुधार लाएं।
विज्ञापन

विकास भवन सभागार में प्रमुख सचिव ने समीक्षा बैठक में समस्त विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का संचालन कराने के साथ ही डाटा एंट्री का रिकार्ड ठीक से रखें। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी अपने विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं में फीडिंग के कार्यों में तेजी लाएं। प्रमुख सचिव ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से पूछा कि सामूहिक विवाह में कितने गलत मामले आए हैं। समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में कोई गलत मामला नहीं आया है। प्रमुख सचिव ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से पुस्तक, जूता, मोजा, वितरण की जानकारी ली। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस सत्र में सभी वस्तुएं वितरित की जा चुकी हैं। डूडा से पूछा कि सिर पर मैला ढोने की प्रथा पर रोकथाम के क्या प्रयास किए जा रहे हैं। प्रमुख सचिव ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज कार्यालय में तैनात कर्मचारियों से विभिन्न जानकारी ली। इसके साथ ही रजिस्टर चेक किया। इसके बाद जिला विकास कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम आलोक कुमार पाण्डेय, एसएसपी दिनेश कुमार, सीडीओ प्रणय सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सवालों के जवाब नहीं दे पाए डीपीआरओ
सहारनपुर। प्रमुख सचिव ने जिला पंचायत राज अधिकारी से मुजफ्फराबाद में कार्यरत एडीओ पंचायत की जानकारी ली, जिस पर डीपीआरओ जानकारी नहीं दे पाए। उन्होंने ग्राम सभा द्वारा संचालित ग्रामीण पेयजल योजना की भी जानकारी डीपीआरओ से ली, जिस पर वह स्पष्ट उत्तर नहीं दे पाए। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 22 फरवरी तक अभियान चलाकर किसान क्रेडिट कार्ड बनाये जा रहे हैं।
विज्ञापन

मार्च तक पूरी कराएं पांच करोड़ से ऊपर की योजनाएं
सहारनपुर। प्रमुख सचिव ने पांच करोड़ से ऊपर तक की योजनाओं को मार्च तक पूरा कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लखनौती पुल में प्रोटेक्शन वर्क में पैसा मिलना है, इसके उपरांत अवशेष कार्य पूरे हो जाएंगे। लीड बैंक मैनेजर से मुद्रा लोन की जानकारी ली। डीएफओ को प्लांटेशन और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जाना कि आयुष्मान भारत के तहत किस तरह की बीमारियों का इलाज इस योजना के तहत किया गया है।
बायोमेट्रिक मशीन से हाजिरी कराने के निर्देश
मुजफ्फराबाद। प्रमुख सचिव पशुधन बीएल मीणा ने विकास खंड मुजफ्फराबाद कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों की जांच करने के साथ ही परिसर का भ्रमण कर साफ सफाई का जायजा भी लिया। उन्होंने कर्मचारियों की हाजिरी बायोमेट्रिक मशीन से कराने के आदेश दिए।
दुपहर बाद ब्लाक मुख्यालय पहुंचे प्रमुख सचिव बीएल मीणा ने राजकीय भूमि संरक्षण प्रशिक्षण केंद्र परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद वे लघु सिंचाई कार्यालय में पहुंचे । उन्होंने बीडीओ श्रुति शर्मा से सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण कारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बीडीओ को व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाकर बेरोजगार युवकों को स्टार्टअप की जानकारी देने को कहा। एडीओ पंचायत से गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने एडीओ कृषि से आर्गेनिक खाद बनाने की प्रक्रिया पूछी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र शर्मा, जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा बीएस सोढ़ी आदि मौजूद रहे।

मुजफ्फराबाद में एडीओ कृषि बिजेंद्र सिंह से जानकारी लेते प्रमुख सचिव बीएल मीणा- फोटो : SAHARANPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें