सहारनपुर। कोरोना महामारी ने सहारनपुर में 135 लोगों की जान ले ली। अभी तक 10500 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण के बीच कई ऐसे चेहरे सामने आए, जो जिंदगियां बचाते हुए खुद संक्रमित हो गए। संक्रमित होने के बाद 14 दिन कोविड अस्पताल में रहे और 15वें दिन फिर अपनी ड्यूटी पर खड़े हो गए। इनमें चिकित्साधिकारियों और चिकित्सकों के साथ ही प्रथम पंक्ति में रहे पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पेश है ऐसे ही व्यक्तियों के व्यक्तित्व को पेश करती रिपोर्ट...
लोगों को बचाते हुए खुद संक्रमित हुए
राजकीय मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. संजीव कुमार पर कॉलेज के साथ ही कॉलेज परिसर में बने कोविड अस्पतालों की भी जिम्मेदारी रही। लॉकडाउन के दौरान लगातार तीन माह ड्यूटी पर रहे और घर मेरठ नहीं जा सके। बीच में गिरने की वजह से 72 वर्षीय मां की हड्डी में फ्रैक्चर की सूचना आई, मगर उन्होंने ड्यूटी को प्राथमिकता दी। ड्यूटी करते करते खुद कोरोना संक्रमित हुए। पांच दिन कोविड अस्पताल में रहने के बाद दस दिन तक होम आइसोलेट हो गए। मगर 11वें दिन फिर से ड्यूटी में लग गए और अभी तक ड्यूटी निभा रहे हैं।
जिम्मेदारी को समझते हुए नहीं लेते अवकाश
सीएचसी सरसावा के प्रभारी डॉ. राजेश कुमार पर सरसावा के 50 से अधिक गांवों की जिम्मेदारी है। उनका आवास सीएचसी परिसर में है, जिसमें वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। मगर कोरोना काल में ड्यूटी के दौराव उन्होंने अपना कक्ष अलग बना रखा था। फरवरी में उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई, साथ में पत्नी भी संक्रमित हो गई। दोनों को 14 दिन तक सीएचसी फतेहपुर के कोविड अस्पताल में रखा गया। वहां से लौटते ही फिर से ड्यूटी पर लग गए। डॉ. राजेश का कहना है कि उन्हें अपने काम से बेहद प्यार है। इसीलिए वह कभी अवकाश नहीं लेते हैं।
संक्रमण दूर होते ही फिर ड्यूटी पर लौटे
अजय श्रीवास्तव प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) होने के साथ ही टीएसआई की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लॉकडाउन का पालन कराते हुए वह कोरोना संक्रमित हो गए थे, मगर संक्रमण दूर होते ही फिर ड्यूटी पर लौट आए और अभी तक अपनी ड्यूटी को अंजाम दे रहे हैं। टीएसआई की जिम्मेदारी संभालते समय चौराहों पर खड़े होकर वह न केवल अपनी ड्यूटी निभाते हैं, बल्कि राहगीरों को कोविड-19 से बचाव के नियमों का पालन भी कराना नहीं भूलते।
डॉ. संजीव कुमार, सीएमएस।- फोटो : SAHARANPUR
डॉ. राजेश कुमार, सीएचसी प्रभारी।- फोटो : SAHARANPUR
मोहम्मद नाजिम, एंबुलेंस चालक।- फोटो : SAHARANPUR
अंकुर शर्मा, इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन।- फोटो : SAHARANPUR
थर्मल स्क्रीनिंग करते एमपी चावला (फाइल फोटो)- फोटो : SAHARANPUR