सहारनपुर। गांव ढलावली में पौधरोपण के लिए आवंटित 20 बीघा जमीन पर अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी और अस्थायी निर्माण भी करा लिया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी नकुड़ हिमांशु नागपाल ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाया और अस्थायी निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।
उपजिलाधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि ग्राम ढुलावली (गंगोह) में खसरा संख्या 699 रकबा लगभग 20 बीघा भूमि को पौधरोपण के लिए पट्टे किए गए थे। उक्त भूमि पर पौधरोपण ना करके खेती करने के साथ ही स्थाई निर्माण कार्य कराया गया था। मामला जानकारी में आने पर पौधरोपण के लिए आवंटित पट्टे पूर्व में निरस्त किए गए। लेकिन कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त नहीं किया जा रहा था। इसी के चलते बुधवार को जेसीबी चलवाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया। उन्होंने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि पर पौधरोपण कर ग्राम हित में भूमि का उपयोग किया जाएगा।