सहारनपुर। तहसील सदर क्षेत्र में पिछले एक पखवाडे़ में 12 गांवों के तालाबों से अवैध कब्जे हटवाकर उनकी मूल स्थिति में बहाल कर दिया है, साथ ही अवैध रूप से दर्ज खातेदारों के नाम खारिज कर उन्हें तालाब के रूप में दर्ज कर दिया है।
उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सपोर्ट इंडिया वेलफेयर सोसाइटी की ओर से उच्च न्यायालय इलाहाबाद में 2016 में एक पीआईएल दाखिल की गई थी। इस पर उच्च न्यायालय ने 19 जून 2020 को आदेश दिया था कि मूलरूप से तालाब, जोहड़ या पोखर आदि दर्ज रही जिन भूमियों पर किसी और का नाम दर्ज कर दिया गया है, ऐसे नाम खारिज करके सभी तालाबों आदि को उनकी मूल स्थिति में बहाल किया जाए। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नेे सभी उप जिलाधिकारियों को तालाबों की जमीनों पर दर्ज अवैध इंद्राजों को खारिज करने के निर्देश दिए। इसके चलते तहसील सदर के बंदोबस्ती रिकॉर्ड में दर्ज तालाबों का मिलान मौजूदा रिकॉर्ड से कराने पर 68 मामलों में तालाब की भूमि पर अन्य का इंद्राज होना पाया गया। इस पर सभी पक्षों को नोटिस दिया गया और नियमित सुनवाई करने के बाद ग्राम इस्माईलपुर,सरकड़ी खुमार, दुमझेड़ा, लखनौती, गागलहेड़ी, सूभरी महराब, सलेमपुर भूखड़ी, बुड्डाखेड़ा, देवला, सबदलपुर शिवदासपुर और सीकरी से संबंधित 12 वादों में आदेश पारित कर दिए गए हैं, जबकि कई अन्य वाद अभी भी चल रहे हैं।