सहारनपुर। उद्योगों को कुशल युवा शक्ति और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों। इसके लिए आईटीआई और औद्योगिक इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाने की शुरुआत हुई है। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के पदाधिकारी आईटीआई से प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को औद्योगिक इकाइयों में एक साल की अप्रेंटिस कराएंगे।
आईआईए सहारनपुर चैप्टर के पदाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने दिल्ली रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का भ्रमण किया। इस दौरान संस्थान में उपलब्ध आधुनिक मशीनों, तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षार्थियों को दिए जा रहे व्यावहारिक प्रशिक्षण की जानकारी ली। आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य इंजीनियर रवि भूषण ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर औद्योगिक इकाइयों से जोड़ना है। प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को एक वर्ष की अप्रेंटिस दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उन्हें उद्योगों में हो रहे कार्यों का व्यावहारिक अनुभव मिल सके। जिला उद्योग बंधु कन्वीनर अनूप खन्ना ने बताया कि उद्योगों के सामने कुशल मानव संसाधन की उपलब्धता बड़ी जरूरत है।
इसके लिए प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच लगातार संवाद आवश्यक है। आईआईए इस दिशा में सहयोग करेगा और युवाओं को अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने में भूमिका निभाएगा। आईआईए चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन ने कहा कि आईटीआई में स्थापित टाटा वर्कशॉप और आधुनिक मशीनों के माध्यम से युवाओं को उपयोगी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आईआईए अपने सदस्य उद्यमियों को अप्रेंटिसशिप योजना से जोड़कर प्रशिक्षित युवाओं को औद्योगिक इकाइयों में अवसर दिलाने का प्रयास करेगा। इस दौरान सहायक श्रमायुक्त प्रवीण चंद्र दत्त, जिला सेवायोजन अधिकारी रामवीर सिंह, पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के एरिया हेड शिवम गोयल सहित अन्य अधिकारी रहे।