सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अभियान चलाकर तालाबों से अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस लेखपाल के क्षेत्र में तालाबों पर अतिक्रमण हुआ, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तालाबों के सुंदरीकरण कराने के भी निर्देश दिए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में तालाबों से अतिक्रमण हटाने, सुंदरीकरण आदि के संबंध में समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सभी तालाबों में पानी की गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए। सभी उप जिलाधिकारी अपने क्षेत्र के तालाबों के पानी की सैंपलिंग कराएं। उन्होंने कहा कि तालाब पर अतिक्रमण होने पर खंड विकास अधिकारी और पंचायत सचिव की भी जिम्मेदारी तय की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लेखपालों से यह प्रमाणपत्र लिए जाएं कि उसके क्षेत्र में किसी भी तालाब पर अतिक्रमण नहीं हुआ है। तालाब पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई कराई जाए। सभी तालाबों पर पत्थर या सीमेंट का बोर्ड लगाया जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बेहट दीप्ति देव यादव, परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार आदि मौजूद रहे।