सहारनपुर। कोरोना काल में भी जिले में अवैध शराब का कारोबार खूब चल रहा है। एक सप्ताह में ही आबकारी और पुलिस विभाग की टीमों ने यह काम करने वाले दो गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार किया, लेकिन गिरोहों के सरगना पकड़ से दूर हैं। इन्हें पकड़ा जाए तो शराब माफिया के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
थाना कुतुबशेर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने उनाली गांव में अवैध शराब के कारोबार का खुलासा किया। इसमें गिरोह के दो सदस्य शिवकुमार निवासी मखियाली मुजफ्फरनगर और राहुल निवासी डूमवाला को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब, फर्जी बार कोड, सीलिंग मशीन सहित अन्य सामान बरामद किया, लेकिन उनाली के गोदाम में अवैध कारोबार संचालित कराने वाला मुख्य आरोपी पंकज निवासी इस्माइलपुर फरार हो गया। इससे पहले सदर क्षेत्र में भी ऐसा ही एक गिरोह पकड़ा गया। इसके भी दो ही सदस्य पकड़े और मुख्य आरोपी शिवम और वकील हाथ नहीं आए।
दोनों ही गिरोहों से जुड़े मुख्य आरोपी हाथ आ जाते तो अवैध शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा होता। इसके साथ ही किन किन क्षेत्रों में इनका नेटवर्क है। इसका भी काफी हद तक पता चलता। मगर गिरोह संचालित करने वाले ये लोग अभी गिरफ्त में नहीं आ पा रहे हैं। इस बारे में थाना कुतुबशेर प्रभारी विनोद कुमार सिंह और सदर प्रभारी पंकज कुमार पंत ने कहा आबकारी विभाग की टीमों के साथ छानबीन जारी है। सदस्यों से हुई पूछताछ और आगे मिल रही सूचनाओं के आधार पर दबिशें दी जा रही हैं।