कागजी क्राइम कंट्रोल में माहिर पुलिस का रविवार को एक और खेल सामने आया है। फैक्ट्री में चोरी की सूचना देने और कार्रवाई की मांग करने पहुंचे उद्यमी को चौकी इंचार्ज ने दो टूक जवाब दिया।
चौकी इंचार्ज ने खुद के नया होने और अभी चार्ज संभालने की बात बताते हुए चार-पांच दिन रुक जाने की हिदायत दी। उधर, पीड़ित चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शाम तक चक्कर लगाता रहा। हालांकि मामला एसओ रामपुर मनिहारान के संज्ञान में आने के बाद इस मामले में तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।
दिल्ली रोड स्थित छिंदबना गांव में संदीप मेहरा की शाकुंभरी इंजीनियरिंग वर्क्स के नाम से मिक्सर मशीन बनाने की फैक्ट्री है। शनिवार की रात चोरों ने फैक्ट्री से लाखों रुपये की मशीनरी चुरा ली। रविवार की सुबह वहां तैनात सुरक्षाकर्मी ने उन्हें चोरी की सूचना दी। इस मामले की जानकारी उन्होंने तत्काल चुन्हैटी पुलिस चौकी में दी।
इस मामले में चौकी इंचार्ज ने कार्रवाई की बजाय पीड़ित को हिदायत दे दी। उसका कहना है कि अभी मैंने चार्ज लिया है और कार्रवाई के लिए दो-चार दिन रुकना पड़ेगा। रविवार को एसएसपी की क्राइम मीटिंग हैं, ऐसे में एफआईआर तो मीटिंग के बाद होगी।
हालांकि इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली प्रभारी रामपुर मनिहारान से संपर्क किया और उन्हें पूरा वाकया बताया। इसके बाद चौकी प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़ित संदीप मेहरा ने बताया कि चोर पहले भी कई फैक्ट्री को निशाना बना चुके हैं। पुलिस कार्रवाई की बजाय कागजी क्राइम कंट्रोल में जुटी है। शाम तक उनकी एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई थी।