सहारनपुर। शहर के घंटाघर स्थित एक होटल में वलीमा की दावत (रिसेप्शन) चल रही थी। इसी बीच एक महिला और उसके भाई वहां पहुंचे और हंगामा करने लगे। आरोप लगाया कि पहली पत्नी से तलाक नहीं हुआ और मामला कोर्ट में विचाराधीन है, बावजूद इसके पति दूसरी शादी कर वलीमा कर रहा है। नगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
दरअसल, शहीदगंज बाजार निवासी युवती की शादी मोहल्ला चौक फरोशान निवासी युवक से 27 दिसंबर 2013 में हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर ससुरालियों और पति ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से वह अपने मायके में रह रही है। आरोपियों के खिलाफ दहेज और घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था, जो कोर्ट में विचाराधीन है। विवाहिता का कहना है कि उसे पता लगा कि उसके पति ने बिना तलाक दिए ही मेरठ की एक युवती से दूसरी शादी कर ली है, जिसका वलीमा शुक्रवार दोपहर घंटाघर स्थित एक होटल में चल रहा है। विवाहिता ने अपने भाइयों के साथ वहां पहुंचकर हंगामा कर दिया। इसी बीच दूल्हा वहां से चला गया। पता लगने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मेरठ निवासी दुल्हन के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका तलाक हो चुका है, जिसके सभी दस्तावेज दूल्हे व उसके परिजनों के पास हैं, विवाहिता झूठा आरोप लगा रही है। वही, विवाहिता ने पुलिस को कोर्ट में विचाराधीन मामले के दस्तावेज दिखाए। उधर, युवक के परिजनों का भी कहना है कि उनका तलाक हो चुका है, उसके द्वारा लगाए जा रहे आरोप झूठे हैं।
सीओ प्रथम चंद्रपाल शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के दस्तावेज देखे जा रहे हैं। अगर बिना तलाक दिए दूसरी शादी की है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।