बड़गांव क्षेत्र में हिंडन नदी के पानी से प्रभावित हुई गन्ने की फसल। संवाद
बड़गांव। गांव भगवानपुर व चंदेना कोली के जंगल में हिंडन के पानी के पानी से सैकड़ों बीघा फसल भी खराब हो गई। अब नदी में उतरते पानी से होने वाले मिट्टी कटाव ने ग्रामीणों की नींद हराम कर दी है।
बृहस्पतिवार की शाम भगवानपुर एवं चंदेना कोली गांव की सैकड़ाें बीघा खेत हिंडन नदी में आए पानी के तेज बहाव के चलते पूरी तरह जलमग्न हो गए थे। इससे ग्रामीणों को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। अब इन गांवों के कई खेतों में अभी भी दो से तीन फीट पानी भरा हुआ है। इसके चलते किसान अपने खाली खेतों में फसलों की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। किसान कानसिंह का कहना है कि पानी उतरने के इंतजार करने के अलावा ओर कर भी क्या सकते हैं। वहीं कई ग्रामीणों के खेतों से कुछ पानी उतर भी गया है तो खेत में अभी इतना दलदल बना हुआ है, जिससे खेतों की जोताई भी नहीं हो पाएगी। फसल बुवाई की तो बहुत दूर की बात है।
ग्रामीण प्रमोद कुमार ने बताया कि उनकी साठा धान की फसल खेतों पकी हुई खड़ी है जो ज्यादा पानी आने से खराब हो चुकी है। वहीं किसान प्रदीप कुमार ने बताया कि नदी में आई बाढ़ से उनके खेतों में ज्वार, बाजरा आदि की फसल पूरी तरह चौपट होने से पशुओं के लिए चारे का संकट पैदा हो गया है।
हिंडन नदी किनारे बसे ग्रामीणों के मुताबिक बाढ़ के दौरान उन्हें प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की अभी तक कोई मदद उपलब्ध नहीं कराई गई। अगर दोबारा से हिंडन में पानी का बहाव आता है तो उनके खेतों में खड़ी सभी फसलें पूरी तरह खत्म हो जाएंगी।
बड़गांव क्षेत्र में हिंडन नदी के पानी से प्रभावित हुई गन्ने की फसल। संवाद