सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने फर्जी दरोगा बताकर ग्राम प्रधानों व पार्षदों से वसूली करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी राज्य की वेबसाइट से प्रधानों व पार्षदों के मोबाइल नंबर निकालता था। आरोपी मथुरा का रहने वाला है।
नौ अगस्त को चौधरी विहार निवासी मोहम्मद जावेद ने देहात कोतवाली में शिकायत करते हुए बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने खुद को थाने का दरोगा बताकर 15 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच की। सोमवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी साहुन निवासी देवशेरस थाना गोवर्धन जिला मथुरा को कोढि़यो की पुलिया से पकड़ा। आरोपी के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल और पांच सिम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट से ग्राम प्रधानों और पार्षदों के मोबाइल नंबर निकालता था।
इसके बाद फोन करके खुद को थाने का दरोगा बताते हुए कहता था कि खाते में रुपये डाल दो। कुछ समय बाद एक सिपाही भेजकर रुपये मंगा लेता था। भरोसा जताकर कई ग्राम प्रधानों और पार्षदों ने उसे रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिसके बाद आरोपी मोबाइल नंबर बंद कर देता था।