सहारनपुर। गर्मी में आंखों की समस्या बढ़ गई है। आंखों में एलर्जी के कारण लालिमा, खुजली की शिकायत लेकर लोग एसबीडी जिला अस्पताल में पहुंच रहे हैं। मरीजों की एकाएक संख्या बढ़ने से ओपीडी 150 के पार पहुंच गई है। चिकित्सक तेज धूप में चश्मा लगाने की सलाह दे रहे हैं।
सूरज की तेज किरण और बढ़ती गर्मी के कारण आंखों से संबंधित समस्याओं में बढ़ोतरी हो रही है। इस मौसम में लोगों को आंखों में एलर्जी, लालिमा, जलन और चुभन परेशान कर रही है। एसबीडी जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आरएस सेंगर का कहना है कि गर्मी के दिनों में आंखों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए धूप से बचाने वाले चश्मों को प्रयोग में लाने और आंखों की साफ-सफाई और उन्हें आराम देने पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि आंखों में एलर्जी या खुजली महसूस होती है तो ठंडे पानी से बार-बार आंखों को धोना चाहिए। खुजली हो तो आंखों को रगड़ना नहीं चाहिए। चिकित्सक की सलाह पर कोई आई ड्रॉप डाल सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय ओपीडी में आंखों के रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रोजाना ओपीडी में 150 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
बचाव के कारण
- सुबह 11 से चार बजे के बीच धूप में निकलने से बचें।
- ज्यादा देर तक मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल न करें।
- हर घंटे साफ पानी से आंखों को धोते रहें।