सहारनपुर। शहर में अवैध रूप से नकली कॉस्मेटिक और सैनिटाइजर बनाने का धंधा जारी है। थाना मंडी क्षेत्र में ऐसी फैक्टरी का खुलासा होने के बाद अब नगर कोतवाली पुलिस ने ऐसे ही गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक सूचना पर पुलिस टीम ने नखासा बाजार में छापा मारा। यहां तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब डेढ़ करोड़ की कीमत का कॉस्मेटिक और हैंड सैनिटाइजर का सामान बरामद किया। बरामद सामान में अधिकतर अर्द्धनिर्मित और कच्चा माल रहा। अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
रविवार को शाम के समय मीडिया से बातचीत में एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चिनप्पा ने प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह की अगुवाई में टीम को भेजा। टीम ने नखासा बाजार में एक जगह पर छापा मारा तो वहां से तीन आरोपियों को पकड़ा, जबकि दो मौके से भाग गए। इनके कब्जे से अवैैध रूप से तैयार कॉस्मेटिक और हैंड सैनिटाइजर को बरामद किया । पकडे़ गए आरोपियों में नदीम शम्सी निवासी पक्का बाग थाना मंडी सहारनपुर, दानिश शेख निवासी मोहल्ला मुन्नीबान, नगर कोतवाली और सोनू अंसारी निवासी बंजारों का पुल थाना कुतुबशेर शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दो अन्य आरोपी अहमद रजा और फरहान अख्तर भागने में सफल रहे। उनकी तलाश जारी है। इनके कब्जे से काफी मात्रा में तैयार और अर्द्धनिर्मित सामग्री के ड्रम, बोरे, पैकिंग सामान सहित अन्य सामान बरामद किया। इस गिरोह के नेटवर्क के छानबीन के प्रयास चल रहे हैं।
ब्यूटी पार्लर, सैलून सहित अन्य जगहों पर हो रहा था सप्लाई
सहारनपुर। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि यहां ज्यादातर काम फिलिंग और पैकिंग का था। वे यह काम तीन चार साल से कर रहे थे। अवैध रूप से बनाए जा रहे कास्मेटिक और सैनिटाइजर की सप्लाई सैलून, ब्यूटी पार्लर से लेकर अन्य जगहों पर की जा रही थी। पुलिस का कहना है कि अन्य जगहों पर भी ऐसे लोगों का नेटवर्क तलाशा जा रहा है।
हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब तक होती है सप्लाई
सहारनपुर। नगर कोतवाली से पहले थाना मंडी पुलिस ने भी चिलकाना रोड से बड़ी मात्रा में अवैध रूप से तैयार कॉस्मेटिक का सामान बरामद किया। यहां पकड़े आरोपियों ने बताया यह माल हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब के शहरों तक सप्लाई हो रहा है। इस काम में स्थानीय स्तर के छोटे और बड़े व्यापारी भी ग्राहक शामिल हैं।