चिलकाना। थाना चिलकाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी के आरोपी हिस्ट्रीशीटर बदमाश दानिश उर्फ दाना निवासी मोहल्ला मजहर हसन को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के 32 हजार रुपये, एक तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की गई।
सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि चिलकाना पुलिस थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान संगमौर से महेश्वरी कलां जाने वाले रजबहे के पास मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह वाहन मोड़कर भोजपुर तगा और ताजपुरा मार्ग की ओर भाग निकला। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाश ने कुछ आगे जाकर चकरोड पर बाइक छोड़ दी और गन्ने के खेत में घुस गया।
आरोप है कि उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी दानिश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दानिश उर्फ दाना थाना चिलकाना का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ थाना चिलकाना, गंगोह तथा रामपुर मनिहारान में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 14 मुकदमे दर्ज हैं।