रामपुर मनिहारान। निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर बुधवार सुबह गड्ढों में ट्रक पलटने से हाईवे पर जाम लग गया। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
कस्बे के शहरीपुल से रेलवे फाटक तक जाने वाली सर्विस रोड पर सुबह आठ बजे गड्ढों के कारण एक ट्रक पलट गया। इससे वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। वहीं कुछ वाहन चालक आसपास के गांव की गलियों से होकर निकलते दिखाई दिए। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों व अन्य कामों से घर से निकले लोग भी जाम में फंस गए। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक को किनारे कराकर जाम खुलवाया, तब वाहनों का आवागमन सुचारू हुआ। इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे।