सहारनपुर में प्रदीप चौहान की मौत के बाद पुलिस और प्रशासनिक ने जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रविवार को भी आसनवाली गांव में जमे रहे।
शहर में हर चौराहे पर आरएएफ को तैनात किया गया। प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात रही। शहर में देहरादून रोड की ओर से आने वालों पर कड़ी नजर रखी गई।
शुक्रवार की रात को गोल लगने से घायल हुए ग्राम आसनवाली निवासी प्रदीप चौहान की मौत हो गई थी। शनिवार की शाम लगभग साढ़े 6 बजे उसका ग्राम आसनवाली में कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार करा दिया गया।
उस दौरान लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लोगों के आक्रोश को देख स्थिति को भांप गए। पुलिस को आशंका बनी हुई है कि कहीं आक्रोशित लोग कोई हिंसात्मक रूप न ले लें।
गांव में अभी भी तनाव बना हुआ है। इसे देखते हुए गांव से रात को अंतिम संस्कार होने के बाद भी पुलिस को गांव से नहीं हटाया गया। रविवार को भी गांव में पुलिस तैनात रही।
रविवार को पुलिस ने कड़ी सतर्कता बरती। गांव से लेकर शहर तक पूरी तरह से चौकसी की गई। खासकर घंटाघर चौक, देहरादून तिराहा, जेल चुंगी और देहरादून रोड पर कई जगह चौकसी रखी गई।
गांव की ओर से आने वाले लोगों पर नजर रखी गई। कलक्ट्रेट के आसपास भी पुलिस तैनात रही। नगर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि गांव में अहतियातन अभी पुलिस बल तैनात किया गया है। हालांकि गांव में पूरी तरह से शांति बनी हुई है। शहर में प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकसी बरती जा रही है।