हैलो, मैं मंडलायुक्त बोल रहा हूं... उपचार में कोई दिक्कत तो नहीं हुई
सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। कोरोना को हराकर उपचार के बाद घर लौट गए तो मरीजों की सूची में से रैंडम दो लोगों के नंबरों पर कॉल करके बात की और पूछा कि कैसा मिला था उपचार, कोई परेशानी तो नहीं हुई।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद मंडलायुक्त और सहायक निदेशक स्वास्थ्य और सीएमओ के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने आईसीयू का निरीक्षण किया और दवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली। साफ सफाई व्यवस्था ठीक मिली, साथ ही उन्होंने कंट्रोल रूम से जानकारी लेकर उन दो मरीजों से बात की जो कोरोना को हराकर घर लौट चुके हैं। उन्होंने बताया कि दोनों ही मरीजों ने 12 दिन तक अस्पताल में रहना बताया और उपचार में किसी तरह की कमी की शिकायत नहीं की। मंडलायुक्त ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में फिलहाल सिलिंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति होती है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने ऑक्सीजन बनाने वाली मशीन (ऑक्सीजन जेनरेटर) स्थापित कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने कोरोना संक्रमितों को दिए जा रहे खाने में प्रोटीनयुक्त भोजन बढ़ाने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि के लिए अन्य उत्पाद भी उपलब्ध कराने का निर्देश मेडिकल प्राचार्य को दिया। इसके अलावा सीटी स्कैन की सुविधा भी शुरू कराने के संबंध में वार्ता हुई। मंडलायुक्त ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में सुविधाओं में बढ़ोतरी के लिए वह शासन को पत्र भेजेंगे।