देवबंद। तल्हेड़ी चुंगी स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पहुंची टीम ने अस्पताल का निरीक्षण कर लाइसेंस समेत विभिन्न दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां मिलने की बात सामने आई है।
नोडल अधिकारी कपिल देव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम तल्हेड़ी चुंगी स्थित एक प्राइवेट चिकित्सक के अस्पताल पहुंची। टीम ने अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही उसके संचालन से संबंधित लाइसेंस और अन्य अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को लेकर टीम ने आवश्यक जानकारी जुटाई। नोडल अधिकारी कपिल देव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तैयार होने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि अस्पताल के संचालन में निर्धारित नियमों और मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।